गिट्टी लदे अनियंत्रित ट्रक ने स्कूली छात्रों को रौंदा, एक की मौत
देहात कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत महोखर में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। अंध विद्यालय के पास गिट्टी से भरे एक...
महोखर में कोहराम : साइकिल से घर लौट रहे छात्रों के साथ हादसा, ग्रामीणों ने ट्रक में की तोड़फोड़
बांदा। देहात कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत महोखर में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। अंध विद्यालय के पास गिट्टी से भरे एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूल से साइकिल पर घर लौट रहे दो छात्रों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हृदय विदारक दुर्घटना में एक छात्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा छात्र मामूली रूप से घायल हुआ है।
साइकिल से घर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, दोनों छात्र अपनी पढ़ाई पूरी कर स्कूल से घर की ओर लौट रहे थे। जैसे ही वे महोखर अंध विद्यालय के समीप पहुंचे, पीछे से आ रहे बेकाबू ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक छात्र ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में बाल-बाल बचे दूसरे छात्र को प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया है।
गुस्साए ग्रामीणों ने लगाया जाम, ट्रक के शीशे तोड़े
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने सड़क पर जाम लगा दिया और गिट्टी लदे ट्रक पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में भारी वाहनों की अनियंत्रित गति के कारण पूर्व में भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे।
पुलिस ने ट्रक को किया जब्त, शव मर्चरी भेजा
हंगामे की सूचना मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आनन-फानन में मृतक छात्र के शव को ऑटो के माध्यम से घटनास्थल से मर्चरी भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है, हालांकि चालक मौके से भागने में सफल रहा।
घर में मचा चीख-पुकार
छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में हाहाकार मच गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में गमगीन माहौल के बीच पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया और यातायात बहाल कराया।