चित्रकूट : सीमांकन से अधिक खनन पर 50 लाख से ज्यादा का जुर्माना

जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के सख्त निर्देशों पर अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है...

PTBPTB
Feb 11, 2026 - 15:18
Feb 11, 2026 - 15:21
 0
चित्रकूट : सीमांकन से अधिक खनन पर 50 लाख से ज्यादा का जुर्माना

डीएम के निर्देश पर पोकलैंड मशीन पर कार्रवाई, ओवरलोड ट्रक सीज

चित्रकूट। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के सख्त निर्देशों पर अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। जांच के दौरान सीमांकन क्षेत्र से अधिक खनन पाए जाने पर संबंधित खनन अनुज्ञाधारक पर लगभग 50.30 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया गया है, वहीं एक पोकलैंड मशीन पर भी कार्रवाई की गई है। इसके अलावा ओवरलोड बालू परिवहन कर रहे एक ट्रक को सीज किया गया है।

जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी द्वारा गठित जनपदीय स्तरीय टास्क फोर्स ने तहसील राजापुर के ग्राम सरधुवा स्थित गाटा संख्या-22495, रकबा 8.030 हेक्टेयर क्षेत्र की जांच की। उक्त पट्टा मे० एम०एम० कंस्ट्रक्शन प्रो० जाफरी बानो (निवासी जनपद फतेहपुर) के पक्ष में 14 नवंबर 2025 से 13 मई 2026 तक छह माह की अल्पावधि के लिए स्वीकृत है।

उपजिलाधिकारी राजापुर, खनिज अधिकारी एवं खनन निरीक्षक की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर निरीक्षण किया। जांच में नदी की जलधारा में खनन कार्य नहीं पाया गया, किंतु सीमांकन क्षेत्र से बाहर खनन किए जाने की पुष्टि हुई। इस पर एक पोकलैंड मशीन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए अनुज्ञाधारक पर लगभग 50.30 लाख रुपये का दंड आरोपित किया गया।

इसके अतिरिक्त सरधुवा-राजापुर मार्ग पर टास्क फोर्स ने उपखनिज बालू/मोरम का ओवरलोड परिवहन करते हुए ट्रक संख्या UP70 AT-3690 को पकड़कर सीज किया।

जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए तहसील एवं थाना स्तर पर टास्क फोर्स का गठन किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खनन क्षेत्रों में नियमित गश्त करने और अवैध गतिविधियां पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

डीएम के सख्त रुख के चलते जिले में अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।